



Bhopal News :
शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के तेवर फिर एक बार सख्त नजर आए।
शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के तेवर फिर एक बार सख्त नजर आए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और उच्च अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा कानून व्यवस्था और जनसेवा अभियान की बैठक की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कानून और प्रशासन से जुड़े अधिकारियों को सख्ती के साथ कहा कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से ख़त्म करना है। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज के आसपास कई छोटी दुकानों में ड्रग्स बेचने की शिकायत मिलती है। यह युवा पीढ़ी को खोखला करने की साजिश है। इन नशों से हमें युवा पीढ़ी को बचाना है साथ ही उन्हें जागरूक भी करना है। इसके लिए उन्होंने कहा कि इनफॉर्मर सक्रिय किये जाने चाहिए, जिससे यह अभिशाप जड़ से ख़त्म हो जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस बात का भी पता लगाया जाना चाहिए कि इन्हे संरक्षण देने वाले कौन है। इनके तार कहां जुड़े हैं। यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर इंटेलिजेंस का भी प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि आरोपी के पकड़े जाने पर एसपी, थानेदार और उच्च अधिकारी उन पर तुरंत एक्शन लेंगे।